मुंबई, 24 दिसंबर :भाषा: आम लोगों में से चुनी गयी प्रतिभागी प्रियंका जग्गा को खराब व्यवहार के कारण विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ छोड़ने को कहा गया है। शो के प्रसारण के पहले हफ्ते में इससे बाहर होने वाली प्रियंका को वाइल्ड कार्ड के जरिए वापस लाया गया था। वापसी के बाद अन्य प्रतिभागियों पर अशोभनीय टिप्पणी करके और अन्य कारणों से वह लगातार विवादों में रहीं।इस दौरान अपनी मां के अंतिम संस्कार के बाद शो में लौटने वाले मनु पंजाबी पर भी उन्होंने टिप्पणी की।यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पूरे हफ्ते चले इस घटनाक्रम के बाद शो के होस्ट सलमान खान ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा लेकिन आश्चर्यजनक रूप से उन्होंने सलमान को बहुत बुरे उत्तर दिये।प्रियंका के जवाब से खिन्न सलमान ने प्रियंका को तत्काल बिग बॉस के घर से जाने को कहा।सलमान खान ने यहां तक कहा कि ‘अगर प्रियंका इस शो या कलर्स के किसी और शो पर आती हैं तो मैं चैनल के साथ दोबारा काम नहीं करूंगा।’ सलमान :50: ने प्रियंका और स्वामी ओम की तरफ इशारा करते हुए कहा कि प्रतिभागियों को आसान और मनोरंजक काम दिया जा रहा है लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोगों के कारण घर का माहौल खराब हो गया है। सलमान ने एक अन्य प्रतिद्वंद्वी मनवीर से स्टोर रूम से एक कपड़ा लाकर स्वामी ओम का मुंह बंद करने को कहा।